औषधि निरीक्षक ने की थी शिकायत, शासन के निर्देश के बाद सहायक आयुक्त ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ड्रग लाइसेंस के आवेदकों से वसूली करने पर औषधि प्रशासन विभाग के दो आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इन कर्मचारियों के वसूली करने की शिकायत औषधि निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों से की थी। शासन से निर्देश आने के बाद सहायक आयुक्त ने सेवामुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।
औषधि निरीक्षक ने 12 जनवरी 2024 को उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी कि औषधि प्रशासन विभाग में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत राहुल शर्मा और फूल सिंह घूसखोरी और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने इन दोनों कर्मचारियों को हटाने का अनुरोध किया था। शिकायती पत्र में कहा था कि दोनों कर्मचारियों ने औषधि विक्रय लाइसेंस के लिए आवेदन करने के नाम पर आवेदनकर्ता से डरा धमका कर रिश्वत ली। कर्मचारियों ने कहा कि उनके जरिये काम करवाओगे तो सस्ते में हो जाएगा। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त ने झांसी के सहायक आयुक्त को दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। सहायक आयुक्त खाद्य मुकेश पालीवाल ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को सेवा समाप्त कर दी गई है।