झांसी। रोडवेज बसों से डीजल चोरी रोकने के लिए सेंसर लगाए जाएंगे। यह सेंसर डीजल चोरी के साथ ही टैंक में लीकेज होने पर भी अफसरों तक तुरंत संदेश पहुंचाएगा। मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर डिपो की दो-दो बस में ट्रायल सफल हो गया है। विभागीय अफसरों को रोडवेज बसों में सेंसर लगवाने के आदेश भी दिए गए हैं।
परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि तमाम प्रयास के बावजूद रोडवेज बसों में डीजल की खपत कम नहीं हो रही है। इससे विभाग को नुकसान हो रहा है। लीकेज से डीजल के बर्बाद होने की बात भी सामने आ रही है। कोई पुख्ता तथ्य न मिलने के कारण किसी पर कार्रवाई भी नहीं हो पाती। ऐसे में डीजल खपत की निगरानी के लिए मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर डिपो की दो-दो बसों की टंकी में सेंसर लगाकर ट्रायल किया गया। टंकी से डीजल निकासी व अन्य हलचल होने पर तुरंत अधिकारियों के पास इसका संदेश आ गया।
एआरएम घनिष्टयानंद के मुताबिक, मुख्यालय से सेंसर लगवाने के आदेश मिले हैं। जल्द ही टीम बसों में सेंसर लगाएगी। सेंसर लगने से बसों से डीजल चोरी पर लगाम लगाई जा सकेगी।