झांसी। सीनियर रेलवे इंस्ट्टीयूट के दिन बहुरने वाले हैं। यहां दूधिया रोशनी में डे-नाइट मैच के लिए फ्लड लाइट लगाई जाएगी। पवेलियन को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 11 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यहां रणजी ट्राफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आयोजन कराने की योजना है।
सीनियर रेलवे इंस्ट्टीयूट मैदान को संवारने की पिछले कई सालों से कवायद चल रही थी, लेकिन पेच फंस जाने से यह परियोजना परवान नहीं चढ़ पा रही थी। पिछले दिनों से मंडल रेल प्रशासन की ओर से 11 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे अब स्वीकृति मिल गई। स्टेडियम को अत्याधुनिक बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स लगेगी। इसके साथ ही 6 करोड़ रुपये से पवेलियन की दशा सुधारी जाएगी। मानक के मुताबिक यहां क्रिकेट पिच के साथ इनफील्ड और आउट फील्ड भी सुधारी जाएगी। ड्रेनेज और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराई जाएगी। अपर मंडल रेल प्रबंधक नंदीश शुक्ला के मुताबिक स्टेडियम को बहुउद्देशीय उपयोग के लिहाज से डिजाइन किया गया है। इससे यहां क्रिकेट मैच के अलावा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित हो सकें। इसका निर्माण कार्य भी जल्द आरंभ होगा।
स्टेडियम में जोड़
2 से 3 हजार दर्शक देख सकेंगे मैच
छह करोड़ की लागत से तैयार किए जा रहे पवेलियन में एक साथ दो से तीन हजार दर्शक बैठ सकेंगे। ग्राउंड में दर्शकों को बेहतर सुविधाओं उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे दर्शकों को भी मैच देखने का अलग अनुभव प्राप्त हो सकेगा।
जीआईसी से बड़ा है सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट ग्राउंड
झांसी स्मार्ट सिटी ने जीआईजी ग्राउंड में स्टेडियम का निर्माण कराया है। एडीआरएम कहते हैं, कि जीआईजी का ग्राउंड से कहीं ज्यादा स्थान सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में है। पहले से भी इस ग्राउंड में क्रिकेट के साथ अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में जब आधुनिक सुविधाएं बढ़ेगी तो खिलाड़ियों को बेहतर लाभ मिलेगा।
डे-नाइट मैच की सुविधा मिलेगी
रेलवे सीनियर इंस्ट्रीट्यूट ग्राउंड में लाइट की व्यवस्था है, लेकिन रात में क्रिकेट मैच होना संभव नहीं था। 5 करोड़ रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स लगने के बाद यहां भी डे व नाइट मैच का आयोजन किया जा सकेगा और रात के समय भी दिन की तरह रोशनी होने से क्रिकेट खिलाड़ियों का रुझान बढ़ेगा।