अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) ने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्र सत्यापित कराने के लिए 69 जिलों के डीआईओएस व उच्च शिक्षा अधिकारी को भेज दिए हैं। निर्देश दिए हैं कि 17 मई तक सभी परीक्षा केंद्र जिला प्रशासन से सत्यापित कराकर भेजे जाएं ताकि परीक्षाओं को शुचिता से कराया जा सके।
बीयू एक जून को प्रदेश में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए 3.47 लाख छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। शासन के निर्देश के अनुसार एक परीक्षा केंद्र पर अधिकतम 500 अभ्यर्थी ही परीक्षा देंगे। यदि परीक्षा केंद्र बड़ा है तो उसमें अभ्यर्थियों की संख्या एक हजार होगी। बीएड प्रवेश परीक्षा के प्रदेश कोऑर्डिनेटर प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि रविवार को सभी परीक्षा केंद्र की सूची जिला सत्यापित कराने के लिए जिला कोऑर्डिनेटरों के माध्यम से डीआईओएस व उच्च शिक्षा अधिकारियों को भेज दिए हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने स्तर से परीक्षा केंद्रों की जांच करेंगे और फिर डीएम अथवा एडीएम से सत्यापित कराकर भेजेंगे। इसके बाद ही परीक्षा केंद्रों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी जिला कोऑर्डिनेटरों को सत्यापित परीक्षा केंद्रों की सूची 17 मई तक देने के निर्देश दिए गए हैं।
0- 23 मई की सुबह से डाउनलोड हो जाएंगे प्रवेश पत्र
प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि 17 मई को प्रशासन से सत्यापित परीक्षा केंद्रों की सूची आने के बाद प्रवेश पत्रों को जारी करने की दिशा में काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 23 मई की सुबह से प्रवेश पत्र वेबसाइट पर ऑनलाइन जारी कर दिए जाएंगे।