अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाना इलाके में डॉक्टर की कार की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान नल से पानी भरते समय वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद से मृतक के परिवार के लोगों का बुरा हाल बना हुआ है।
मूलरूप से बंगरा के रहने वाले तुलाराम बाबा (65) फिलहाल अपने परिवार के साथ गुमनावारा में रहते थे। पत्नी शांति देवी ने बताया कि पति एक कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। बुधवार को उनकी ड्यूटी दोपहर तीन बजे से सुबह पांच बजे तक थी। शाम के समय वह नल से पानी भर रहे थे। तभी वहां से गुजर रही एक डॉक्टर की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इसके बाद सूचना परिजनों को दी। पत्नी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर उन्हें वहां तुलाराम की लाश मिली थी।
बता दें कि मृतक तुलाराम के इकलौते बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से विधवा बहू और उसके तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी तुलाराम के ऊपर आ गई थी। तब से वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा था। वह पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
वहीं, इस मामले में नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।