रेलवे स्टेशन की स्कैनर मशीन बंद पड़ी l संवाद
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था लगभग ठप है। यहां आम यात्रियों के साथ ही संदिग्ध व्यक्ति बेधड़क और बेरोकटोक प्रवेश कर रहे हैं। वहीं, अवांछित वस्तुओं की जांच पड़ताल के लिए लगाई गई मशीनें बंद पड़ी हैं।
स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगा है, ताकि हर यात्री की जांच हो सके। इसके साथ ही यात्री सामान की जांच के लिए लगेज स्कैनर (एलएस) मशीन लगी है। मेटल डिटेक्टर और लगेज स्कैनर मशीन एक माह से बंद है। जिसकी वजह से लोग बेधड़क स्टेशन पर पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, हैंड हैंडिल मेटल डिटेक्टर मशीन से चेकिंग की व्यवस्था है, जो नजर नहीं आती है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी बतियाते या फोन पर रील्स देखते नजर आते हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर योगेश राणा का कहना है कि लगेज स्कैनर की बैटरी का बैकअप खराब है। कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से बंद हो जाती है। इस वजह से हैंड हैंडिल मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के लिए कर्मी तैनात रहते हैं। रेल मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना कि जल्द ही नई लगेज स्कैनर मशीन लगवाई जाएगी। रही बात हैंड हैंडिल मेटल डिटेक्टर से चेकिंग नहीं होने की, तो यह सुनिश्चित कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि डीआरएम कार्यालय से करीब 800 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था बदहाल है।