एरच। नगर में दूसरी कान्हा गोशाला के निर्माण के लिए शासन ने एक करोड़ 65 लाख रुपये मंजूर किए हैं। वर्तमान गोशाला के पास दो एकड़ जमीन पर बनने वाली इस गोशाला में 500 गोवंश के रहने की व्यवस्था होगी। इसके लिए जमीन का चयन कर विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर पंचायत जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी में है।
गौरतलब है कि नगर पंचायत की ओर से वर्तमान में पांच एकड़ जमीन पर कान्हा गोशाला संचालित की जा रही है। इसमें करीब 300 से अधिक गाय और गोवंश की देखभाल की व्यवस्था है। यहां कार्यरत कर्मचारी गोवंश को चारा, भूसा, चोकर और हरी घास उपलब्ध कराने के साथ उनका चिकित्सीय परीक्षण भी कराते हैं।दूसरी गोशाला बनने से नगर और क्षेत्र के अधिक गोवंश को आश्रय मिल सकेगा।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी लालधर सिंह यादव ने बताया कि वर्तमान में संचालित कान्हा गोशाला के पास ही नजूल की जमीन का चयन किया गया है। नई गोशाला में भूसा घर, टीन शेड, पशु चिकित्सालय कक्ष, चौकीदार कक्ष, चारदीवारी और सड़क का निर्माण कराया जाएगा। अन्य जरूरी निर्माण कार्य भी इसमें शामिल हैं।