झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ मंगलवार को भी कार्रवाई की। बिना मानचित्र स्वीकृत हुए निर्माण पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, फैक्टरी से लेकर निर्माणाधीन मार्केट तक सील कर दी गई। छह जगहों पर सीलिंग की कार्रवाई हुई।
प्राधिकरण की टीम ने बूढ़ा चौराहा स्थित रामरतन का 300 वर्गमीटर में बने भवन को सील कर दिया। इसी तरह, कानपुर रोड पर धर्मकांटा के बगल में अनुज अग्रवाल का 130 वर्गमीटर, झोकनबाग पर डॉ. निपुणु गुप्ता व डॉ. दीपाली गुप्ता का 300 वर्गमीटर, टाकोरी रोड पर अशोक शर्मा का 200 वर्गमीटर, कानपुर-ग्वालियर हाईवे पर संतोष रायकवार का 100 वर्गमीटर में अवैध निर्माण होने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। करारी में सारमऊ अंडरपास के पास अमित अग्रवाल की तीन एकड़ में बनी फैक्टरी को भी सील किया गया। जेडीए सचिव गौरव शुक्ला का कहना है कि इन सभी स्थलों पर बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध निर्माण करने पर पूर्व में भी नोटिस जारी कर सीलिंग का आदेश जारी किया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को अवैध निर्माण को सील करने की कार्रवाई की गई।