अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। समय से पहले कई स्कूल बंद मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पूरे स्टाफ का वेतन रोक दिया है। निरीक्षण और जीपीएस कैमरे के जरिये जांच के बाद ये कार्रवाई की गई है। पांच अप्रैल को दोपहर 12:46 बजे स्कूल बंद होने का ग्रामीणों ने वीडियो बनाया था।
इसी ब्लॉक का उच्च प्राथमिक विद्यालय दादपुरा भी पांच अप्रैल को दोपहर 12:37 बजे बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय रजपुरा दोपहर 1:45 बजे और बंगरा के प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय इमिलिया दोपहर 2:32 बजे जीपीएस कैमरे से प्राप्त फोटो के अनुसार बंद मिला। सभी स्टाफ का बीएसए ने उस दिन का वेतन रोक दिया है।इसके अलावा, बीते 20 मार्च को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बीएसए के निरीक्षण में बंद मिला था। 25 मार्च को दोपहर 2:32 बजे जीपीएस कैमरे से प्राप्त फोटो के अनुसार भी विद्यालय बंद मिला। दोनों दिन का स्टाफ का वेतन रोका गया है। वहीं, पांच अप्रैल को दोपहर 12:23 बजे जीपीएस कैमरे से प्राप्त फोटो के अनुसार प्राथमिक विद्यालय बगबरी विकासखंड बंगरा बंद मिला। बीएसए ने कहा कि इससे पहले भी विद्यालय कई बार बंद मिला है। सभी स्टाफ को कई बाद नोटिस भी दिया जा चुका है। ऐसे में सभी स्टाफ की अस्थायी वेतन वृद्धि रोक दी गई है।