24 जुलाई से आरंभ होगी छात्रवृत्ति की ऑनलाइन प्रक्रिया 42 हजार छात्र कर सकेंगे आवेदन, सितंबर माह तक मिलेगी छात्रवृत्ति झांसी। नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति प्रक्रिया 24 जुलाई से आरंभ हो रही है। इस बार भी छात्रों को ऑनलाइन माध्यम के जरिए ही आवेदन करना होगा। जनपद से करीब 42 हजार छात्र आवेदन प्रक्रिया में शामिल होंगे। लाभार्थी छात्रों को 30 सितंबर तक छात्रवृत्ति स्वीकृति कर दी जाएगी। समाज कल्याण विभाग एवं जनजाति विकास निदेशक की ओर से इस संबंध में समय तालिका जारी कर दी गई है। निदेशक के परिपत्र के मुताबिक सभी छात्र 24 जुलाई से 20 अगस्त के बीच ऑनलॉइन माध्यम से आवेदन करेंगे। इसके बाद 7 सितंबर तक डीआईओएस के जरिए ऑनलाइन वर्गवार सत्यापन किया जाएगा। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के खाते में 30 सितंबर तक धनराशि भेज दी जाएगी। समाज कल्याण विभाग के आकड़ों के मुताबिक पिछली बार कक्षा नौ एवं दस के लिए 266 विद्यालयों से अनुसूचित जाति के 8225 छात्रों ने आवेदन किया था, इसमें सभी 8225 छात्रों को छात्रवृत्ति मिली। अनुसूचित जनजाति के 14 छात्रों में भी सभी 14 को छात्रवृत्ति मिली लेकिन, सामान्य वर्ग के 1900 छात्रों में 1104 छात्रों को ही छात्रवृत्ति दी जा सकी। इसी तरह ग्यारहवीं एवं बारहवीं वर्ग में अनुसूचित जाति के 21999 छात्रों में 20364, अनुसूचित जनजाति के 55 में 40 छात्रों को ही छात्रवृत्ति मिली। सामान्य वर्ग के 10251 छात्रों में महज 7101 छात्रों को ही छात्रवृत्ति दी जा सकी। उम्मीद जताई जा रही इस वर्ष भी करीब 42 हजार छात्र इन छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करेंगे। समाज कल्याण अधिकारी सुनील सिंह के मुताबिक सभी विद्यालयों को सूचनाएं भेज दी गई हैं। दो अक्तूबर को छात्रवृत्तियां वितरित की जाएंगी।