संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। पहली बार परिषदीय विद्यालयाें में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद) तैयार करेगा। इसके बाद जिला स्तर पर प्रश्नपत्रों की छपाई कराई जाएगी। परीक्षा कराने के लिए बजट भी जारी किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च से 15 मार्च तक होनी हैं। इसको लेकर बोर्ड ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाल ही में परिषद ने वार्षिक परीक्षा के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसमें परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा के मॉडल प्रश्नपत्र बोर्ड परीक्षा के पैटर्न पर तैयार कराए जाएंगे। बेसिक शिक्षा परिषद एससीईआरटी से चार तरह के मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कराकर जिले को भेजेगा। जोकि जिले पर छपवाए जाएंगे और परीक्षा के लिए विद्यालयों को भेजे जाएंगे।
बता दें कि पहले परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखकर ही करवा ली जाती थी। कई बार प्रश्नपत्र की आपूर्ति कम होने और प्रश्नपत्रों में गलतियां होने की शिकायत आती थी। इस बार परीक्षा के लिए अलग से बजट भी जारी किया जा रहा है। कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नपत्र तैयार होंगे। कक्षा एक और दो की मौखिक परीक्षाएं करवाई जाएंगी।
-
वर्जन
इस बार प्रश्नपत्र एससीईआरटी द्वारा तैयार होंगे। जो कि जिले पर छपवाए जाएंगे। इससे प्रश्नपत्रों में एकरूपता आएगी। - नीलम यादव, बीएसए