अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाने वाली आस्था एक्सप्रेस पहली बार सोमवार की सुबह वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी स्टेशन पर पहुंची। यहां ट्रेन का स्वागत किया गया। ट्रेन में सवार उत्साह से लबरेज सभी यात्रियों ने जय-जय श्रीराम के उद्घोष गुंजायमान किए। इस दरम्यान पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
मध्य प्रदेश के 1300 श्रद्धालुओं को लेकर इंदौर से चलकर अयोध्या जाने वाली 22 कोचों की आस्था स्पेशल ट्रेन सोमवार की सुबह आठ बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही स्टेशन परिसर जय-जय श्रीराम के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा। जबकि, ट्रेन के अंदर यात्री श्रद्धालु ढोल-मंजीरा बजाकर राम भजन गा रहे थे। ट्रेन के कोचों के बाहर अयोध्या के राम मंदिर के पोस्टर चिपके हुए थे। स्टेशन पर ट्रेन में सवार यात्रियों के जल-पान का प्रबंध किया गया। 10 मिनट यहां रुकने के बाद गाड़ी अयोध्या के लिए रवाना होगा। इस दरम्यान सीओ सिटी राजेश कुमार राय की अगुवाई में पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें ट्रेन की सुरक्षा में जुटी रहीं। डॉग स्क्वायड भी स्टेशन पर तैनात रहा।
000000
फोटो
अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर गजब की अनुभूति महसूस हो रही है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह बेहद सौभाग्य की बात है कि रामलला के दर्शन करने का मौका मिल रहा है। - खुराज सोंद्रे, रतलाम
000000
फोटो
लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य मंदिर और रामलला के दर्शन का अवसर हासिल हुआ है। अब तो यह लग रहा है कि जितनी जल्दी अयोध्या पहुंच जाएं, उतना अच्छा। रामलला के दर्शन का बेसब्री से इंतजार है। - राजेश हड़वे, अलीराजपुरम
000000
फोटो
देश का हर हिंदू अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन कर चाहता है। इस मामले में हम सभी सौभाग्यशाली हैं। हमें रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एक माह के भीतर ही अयोध्या जाने का अवसर प्राप्त हुआ है। - प्रवीण चंदौरे, रतलाल
00000
सोचा नहीं था कि इतनी जल्दी रामलला के दर्शन करने का मौका मिल जाएगा। यह किसी सपने के सच होने जैसा लग रहा है। पूरी ट्रेन में माहौल भक्तिमय बना हुआ है। हर कोई रामलला के दर्शनों को आतुर है। - लवीशा