सब कुछ सामने, फिर अज्ञात में एफआईआर क्यों
झांसी। दो दिन पहले स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान बुंदेलखंड महाविद्यालय के बाहर हुए बवाल के बाद नवाबाद पुलिस ने 30 से 40 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इलाइट चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बवाल का पूरा मामला सभी के सामने हैं। पुलिस के सामने ही हाथापाई से लेकर धक्कामुक्की हुई। पुलिस सभी को जानती है। आला अफसरों के सामने पूरा घटनाक्रम हुआ। पूरे मामले की वीडियो व फोटो भी सोशल मीडिया पर लगातार वायरल होती रहीं, उसके बाद भी अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज होना सवालों के घेरे में है।
इसे लेकर शहर में खासी चर्चा रही। वकील व बाजारों और चाय की दुकानों पर आम लोग कह रहे थे कि क्या ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि प्रदर्शनकारी सत्तारूढ़ दल के नेता, कार्यकर्ता थे। क्या पुलिस कार्रवाई में शिथिल हो गई है। क्या यह सिर्फ खानापूरी है बाद में मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
शुक्रवार को इलाहाबाद - झांसी खंड स्नातक चुनाव की मतगणना के दौरान काउंटिंग स्थल बुंदेलखंड महाविद्यालय के बाहर खासा बवाल हुआ था। मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर भाजपाई और पुलिस वाले आमने-सामने आ गए थे। महाविद्यालय के गेट नंबर दो से अंदर जबरन प्रवेश को लेकर हंगामा बढ़ गया था। भीड़ को अंदर जाने से रोकने के लिए सभी ने सिपाही के साथ मारपीट कर धक्का मुक्की कर दी थी। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को अलग किया था। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात हंगामा शांत हो सका था। इस मामले में इलाइट चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार की तहरीर पर 30 से 40 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
प्रकरण को लेकर नवाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह सब जांच का विषय है। जांच में पुलिस कई बिंदुओं को रखेगी। विवेक त्रिपाठी, एसपी सिटी