किले से हाफ मैराथन को रवाना करते अतिथि। संवाद
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई के किले से रविवार को हाफ मैराथन में डेढ़ हजार धावकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। 18 से 30 आयु वर्ग में 21 किलोमीटर की दौड़ में सत्यम पुरुष और फूलन महिला वर्ग में अव्वल रहीं। इसके अलावा 10, पांच और दो किलोमीटर श्रेणी की भी दौड़ हुई, जिसके विजेताओं को साढ़े सात लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित हाफ मैराथन के 21 किलोमीटर की 18 से 30 आयु वर्ग की पुरुष श्रेणी में सत्यम ने एक घंटे चार मिनट 54 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, मुकेश भांभू दूसरे, पलाश हाजरा तीसरे स्थान पर रहे। इसी आयु वर्ग में महिला श्रेणी में फूलन पाल एक घंटा 16 मिनट 43 सेकंड में दौड़ पूरी कर अव्वल रहीं। मुन्नी देवी दूसरे और गुड्डी तीसरे स्थान पर रहीं।
अर्जुन और आभा को प्रथम स्थान
31 से 40 आयु वर्ग में अब्दुल मशहूद और डिंपल सिंह, 41 से 50 आयु वर्ग में अर्जुन प्रधान और आभा मेहता और 51 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में भास्कर कांबले और गीता देवी ने पहला स्थान हासिल किया। 10 किलोमीटर पुरुष ओपन श्रेणी में रामकेश ने पहला, विक्की राजभर ने दूसरा, अभिषेक पाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला ओपन श्रेणी में सोनम चौधरी ने पहला, खुशबू पटेल ने दूसरा और स्नेहा मलिक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
किले से शुरू और खत्म हुई दौड़
मैराथन किले से शुरू होकर लौटकर वहीं समाप्त हुई। प्रतिस्पर्धी दौड़ के साथ पांच और दो किलोमीटर की फन रन का भी बड़ी संख्या में लोग हिस्सा बने। झांसी हाफ मैराथन में विशेष रूप से ऑरेंज ओराइन किड्स के संस्थापक समर्थ दीक्षित ने भी प्रतिभाग किया। इससे पहले 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन का शुभारंभ अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। वहीं, 10 किलोमीटर की दौड़ का शुभारंभ एसबीआई प्रशासनिक कार्यालय के उप महाप्रबंधक सुबोध कुमार गोपे ने किया। पांच किलोमीटर दौड़ को नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राघवेंद्र सिंह और दो किलोमीटर मैराथन को राइज के निदेशक अमित सिंह ने हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम को नगर निगम का सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन का प्रबंधन थ्रिल जोन ने किया।