झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली जा रही डॉ. वृंदावन लाल वर्मा क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को स्टेडियम सीनियर और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स अकादमी के बीच मैच खेला गया। जिसमें स्टेडियम सीनियर टीम ने 173 रनों से मैच जीता। स्टेडियम सीनियर टीम के अक्षय सेन ने धारदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए। मैच में शतकीय पारी खेलने पर आदर्श शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
निर्धारित 40 ओवरों में स्टेडियम सीनियर के कप्तान मोहम्मद हसरत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए स्टेडियम सीनियर टीम ने 33.3 ओवरों में 241 रनों का स्कोर बनाया। जिसमें ओपनर बल्लेबाज आदर्श शर्मा ने शतकीय पारी खेलते हुए 21 चौके व एक छक्के की मदद से 110 रन बनाए। तनिष्क शर्मा ने 40, विकास ने 18, कुनाल यादव ने 15 रन बनाए। मेजर ध्यानचंद अकादमी जूनियर की ओर से उत्कर्ष और दीपेश ने तीन-तीन विकेट लिए। शांतनु व अनुज को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतर मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स अकादमी जूनियर की टीम 18.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर सिर्फ 68 रन ही बना सकी। जिसमें हर्ष वर्मा ने 20 व सिद्धार्थ ने सर्वाधिक 14 बनाए। स्टेडियम सीनियर की ओर से अक्षय सेन ने 20 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। विकास वैद्य ने चार व सागर बुंदेला ने एक विकेट प्राप्त किया। परवेज खान और अलीम बेग अंपायर की भूमिका में रहे। राघवेंद्र सिंह स्कोरर व सतीश चंद्र अब्जर्वर रहे।