झांसी के रक्सा के बाजना गांव में सिर कटी लाश की शिनाख्त के बाद पुलिस हत्या के खुलासे के बेहद करीब पहुंच चुकी है। पुलिस को मृतक के छोटे दामाद पर शक है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
बाजना गांव में डीपीएस स्कूल के सामने पहाड़ी पर चार सितंबर को सिर कटी लाश बरामद हुई थी। बुधवार को मृतक की पहचान शिवपुरी के भायवन गांव निवासी जाहर सिंह लोधी (51) के रूप में उसके बेटे ने की थी। लेकिन शिनाख्त पुख्ता करने के लिए पुलिस ने उसकी पत्नी एवं बहन को बुलवाया था। बृहस्पतिवार को जाहर की पत्नी भूूमा देवी ने रक्सा थाने पहुंचकर मृतक के हाथ में बंधी राखी और कद-काठी के मुताबिक उसकी शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस हत्या की वजह तलाशने में जुट गई।
इस दौरान परिजनों से पूछताछ में मालूम चला कि जाहर सिंह 28 अगस्त को अपने छोटे दामाद विजय हिंद के बुलावे पर रक्सा आया था। उसके बाद से उसका पता नहीं चला। बुधवार को विजय भी मृतक की शिनाख्त करने के लिए रक्सा थाने पहुंचा था। उसके बयान के बाद से ही पुलिस को उस पर शक हो गया।
इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह तक्कर का कहना है अभी हत्या की सटीक वजह मालूम नहीं चली है। परिजनों के अलावा गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
शिनाख्त होने के बाद बृहस्पतिवार को जाहर सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। काफी पुराना शव हो जाने की वजह से परिजन शव को शिवपुरी लेकर नहीं गए। उन्होंने झांसी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।