झांसी। कोरोना से हालात झांसी में बद से बदतर होते जा रहे हैं। न तो कोरोना के मरीज थम रहे हैं और न ही मौतें। शुक्रवार को जिले में 1022 कोरोना संक्रमित सामने आए, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में तीन युवतियों समेत पांच मरीजों की मौत हो गई।
शुक्रवार को 4473 सैंपलों की जांच की गई। इसमें आरटीपीसीआर से 1717, ट्रू नेट से 63 और एंटीजन किट से 2693 सैंपलों की जांच हुई। इसमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 1022 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जो कि अब तक का रिकॉर्ड है। झांसी में इससे पहले एक दिन में इतने संक्रमित सामने नहीं आए। इसके अलावा पांच की मौतें भी हो गई हैं। मरने वालों में मोंठ की 23 वर्षीय युवती, मुन्नालाल पावर हाउस की 27 साल की और चिरगांव की 32 वर्षीय युवती शामिल हैं। इसके अलावा बाबूलाल कारखाना के 50 साल के व्यक्ति और यहीं के रहने वाली 65 वर्षीय वृद्धा की भी संक्रमण के कारण मौत हो गई है। अब झांसी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,603 पहुंच गई है। जबकि, एक्टिव केस 6,881 हो गए हैं। रिकवरी रेट घटकर 65.57 प्रतिशत पहुंच गया है। मौजूदा समय में लक्षण वाले 573 मरीज हैं। इसमें 122 की हालत गंभीर बनी हुई है।