रेलवे बोर्ड सदस्य रोलिंग स्टॉक रवींद्र गुप्ता को निरीक्षण में खामियां मिलने पर अफसरों को जमकर लताड़ा। इनके तेवर देख सर्दी में रेल अफसरों के पसीने छूट गए। कोच कारखाने का भी हाल कुछ ऐसा ही मिला। यहां कोच का निरीक्षण करते समय तकनीकी खामियां मिलने पर अफसरों को आड़े हाथ लिया। एक बड़े अफसर को चार्जशीट देने के भी निर्देश दिए।
शुक्रवार सुबह 11 बजे वह वैगन मरम्मत कारखाना पहुंचकर कार्मिक विभाग पहुंचे। यहां निरीक्षण के बाद सीधे वेल्डिंग शॉप पहुंचे। यहां कार्य गुणवत्ता युक्त न पाते हुए अफसरों को लताड़ लगाना शुरू कर दी। मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर डिप्टी अधिकारियों की संख्या जानी। अफसरों द्वारा तीन डिप्टी अधिकारियोें की तैनाती बताने पर उसने नाराजगी जाहिर करते हुए एक को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
तेवर देखकर अधिकारियोें के पसीने छूटने लगे। इसके बाद वह सीधे कोच कारखाना पहुंच गए। कोच के निरीक्षण के दौरान सीट के बीच में गेप देख वह अफसरों पर भड़क गए। मौके पर ही गेप हटाने के भी निर्देश दिए गए। कोच के अंदर गंदगी देख इनका पारा सातवेें आसमान पर पहुंच गया। यहां के एक बड़े अधिकारी को चार्जशीट देने के भी निर्देश दिए हैं। इस दौरान अफसर सफाई देते नजर आए, लेकिन सभी की सफाई को अनसुना कर दिया। निरीक्षण दौरान इलाहाबाद से आए चीफ मेकेनिकल इंजीनियर सहित अन्य रेल अफसर मौजूद रहे।
भयभीत होकर कर रहे कार्य
निरीक्षण के दौरान यूनियन के पदाधिकारी भी मिलने पहुंचे। यूनियन नेताओं ने बताया कि एक रेलवे बोर्ड का एक आदेश आया है। इसमें सर्विस रिकार्ड को लेकर अधिकारी टिप्पणी देंगे। यूनियन नेताओं ने मुलाकात कर इसे गलत बताते हुए कहा कि अधिकारी इस आदेश की वजह से भयभीत होकर कार्य करेंगे।