सपाइयों को चुनावी मंत्र देने आएंगे अखिलेश यादव
झांसी। समाजवादी पार्टी का मंडल स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर दो, तीन व चार मार्च को ओरछा में आयोजित किया जाएगा। शिविर के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
विधानसभा के 2017 में हुए चुनाव में प्रदेश की सत्ता गंवा चुकी समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में है। पार्टी द्वारा मंडल स्तर पर कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं से संवाद करते हैं। खासतौर पर आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होती है। साथ ही, कार्र्यकर्ताओं को भाजपा व अन्य राजनीतिक दलों की नीतियों से अवगत कराया जाता है और सपा की चुनावी योजनाएं साझा की जाती हैं। झांसी मंडल के कार्यकर्ता शिविर का आयोजन दो से चार मार्च तक ओरछा में होगा। ओरछा क्लब एवं रिसोर्ट में होने वाले इस आयोजन में झांसी, ललितपुर और जालौन की नौ विधानसभाओं के कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रत्येक विधानसभा के 100 कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। सपा जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने बताया कि शिविर के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शिविर में आएंगे और सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।