झांसी। जिला अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के आवास पर सालों से एक महिला संविदा कर्मचारी कब्जा जमाए हुए है। कई बार शिकायतों के बाद भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं की जा रही है। जिसके चलते विभाग को राजस्व की क्षति हो रही है।
अस्पताल में चौथे दर्जे के कर्मचारियों के लिए अस्पताल परिसर में ही 14 आवास बने हुए हैं। इन आवासों को अस्पताल में कार्यरत नियमित कर्मचारी को आवंटित करने का नियम है। लेकिन अस्पताल प्रबंध की लापरवाही व अनदेखी के चलते एक आवास पर एक महिला संविदा कर्मचारी सालों से कब्जा जमाए हुए है। जिसके चलते विभाग को अब तक लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में अस्पताल के सीएमएस डॉ. केके गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।