विवाह पंचमी पर्व पर मंगलवार को मेहंदीबाग के राम जानकी मंदिर से दूल्हा स्वरूप में भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। इसमें सखियों, साधू, संतों और भक्तों ने बैंड बाजों की धुन पर जमकर नृत्य किया। दिलदिल घोड़ी के स्वरूप में कलाकारों ने भी छटा बिखेरी। भ्रमण के दौरान बारात का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं, बुधवार को भी कई श्रीराम मंदिरों से बारात निकाली जाएगी।
सनातन धर्म में विवाह पंचमी का विशेष महत्व है। श्रीराम कथा में वर्णित है कि अयोध्या से बारात जनकपुरी ले जाई गई थी। इसमें दूल्हा के स्वरूप में श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघन के अलावा अन्य बारातियों में वशिष्ठ, विश्वामित्र व समूची अयोध्या के नागरिक शामिल हुए थे। बारात की परंपरा निभाते हुए मंगलवार की दोपहर में मेहंदी बाग राम जानकी मंदिर से बारात गाजे-बाजे के बीच निकाली गई।
इसमें श्रीराम अखाड़ा के युवा ढोल, नगाढे़ और मंजीरा की धुन पर नृत्य कर बारात को आकर्षक बना रहे थे। वहीं, सखियों और रंग-बिरंगी पगड़ी पहने साधू संत भी जमकर झूमे। रामजी निकली सवारी......., रघुपति राघव राजा राम के गायन और हरे राम, हरे राम के बोल पर इस्कॉन के सदस्यों ने भी लोगों को नृत्य करने के लिए विवश कर दिया। बग्गी पर भगवान राम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघन के स्वरूप दूल्हा स्वरूप में थे।
महिलाएं सिर पर मंगल कलश लिये बधाई गीत गा रही थीं। बारात आशिक चौराहा, पंचकुइयां, कोतवाली, गंधीगर का टपरा, बड़ा बाजार, मानिक चौक आदि से भ्रमण कर वापिस मंदिर पहुंची। इस दौरान जगह-जगह महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने दूल्हा रघुनाथ जी का तिलक और आरती कर वंदना की।
इस अवसर पर मंदिर महंत राम प्रिय दास जी महाराज, प्रेमनारायण दास, बृजभूमि दास प्रभु, हेतराम सविता, रवीश त्रिपाठी, अमित गोस्वामी, विजय बल्लभ दास, जगन्नाथ दास, शंकर दास, राम किशोर रावत आदि मौजूद रहे। इधर श्री राम राजा सरकार सेवा समिति के अध्यक्ष दीपू मिश्रा, रिंकू सोनी, महेश अग्रवाल, ओमी कुशवाहा, अमर सिद्ध ने खंडेराव गेट पर बारात का स्वागत पुष्प वर्षा कर किया।
हरे बांस मंडप छाये.....
भगवान श्री राम विवाहोत्सव समारोह समिति एवं युवा ब्राह्मण महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में गांधी रोड स्थित श्री गोपाल जी महाराज के मंदिर में श्री राम जी का मंडपाच्छादन हुआ। महिलाओं ने बुंदेली गारियां हरे बांस मंडप छाये, सियाजू को राम ब्याहन आये, बने दूल्हा देखो छवि भगवान श्रीराम की, दूल्हन बनी सिया जानकी को गाया। इस अवसर पर राधे चौबे, रीता लोहिया, ममता लश्करी, अर्चना दुबे, रेखा पांडेय, मंजू चौबे, संध्या त्रिपाठी, प्रभा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।
मंडप लगे और गाई वैवाहिक गारियां
पांच दिवसीय विवाह पंचमी पर्व के उपलक्ष्य में शहर के श्री रघुनाथ जी महाराज मंदिर, कारगिल पार्क के श्रीराम मंदिर और सीपरी में श्री रघुनाथ मंदिर में विविध कार्यक्रम हुए। मंडप लगाए गए और महिला श्रद्धालुओं ने वैवाहिक गारियां गाईं तथा बेसन, मैदा से बने विभिन्न पकवान बनाए। बुधवार को महानगर के विभिन्न मंदिरों से भी बारात निकाली जाएगी। इसके अलावा पांव पखराई, कुंवर कलेवा तथा भंडारा होगा, जिनमें काफी श्रद्धालु शामिल होंगे।