झांसी। सांसद आदर्श ग्राम सरवां में बिजली उपभोक्ताओं द्वारा बिल का भुगतान न किए जाने पर मंगलवार को गांव की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। ट्रांसफार्मर को सील कर दिया गया।
बबीना ब्लॉक के बेदौरा स्थित सांसद आदर्श ग्राम सरवां में 144 बिजली उपभोक्ता हैं, जो सभी बकाएदार हैं। मंगलवार को बिजली चेकिंग टीम ने सभी बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए। इन सब पर 22 लाख रुपये का बकाया चल रहा है। ट्रांसफार्मर को सील कर दिया गया। अवर अभियंता एमएम सिद्दीकी ने बताया कि देर शाम आठ उपभोक्ताओं ने बकाया जमा कर दिया। उनके घरों की बिजली को चालू कर दिया गया। जब तक उक्त गांव आदर्श उपभोक्ता नहीं बन जाता है, तब तक बिजली अभियान जारी रहेगा।
तिलयानी बजरिया में पकड़ी बिजली चोरी
झांसी। बिजली चेकिंग टीम ने मंगलवार को रानी महल सबस्टेशन से जुड़े तिलयानी बजरिया में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पांच लोगों को कटिया डालकर और एक व्यक्ति को कटे कनेक्शन पर बिजली जलाते पकड़ा गया। उक्त सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। टीम में उपखंड अधिकारी आलोक प्रकाश, जेई उमेश राजन शामिल रहे।