- सफाई निरीक्षक के निरीक्षण में खुला मामला, अधिकारियों को दी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम के एक वार्ड में बिना किसी तैनाती आदेश के चार आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी काम करते मिले। सफाई निरीक्षक ने जब वार्ड का निरीक्षण किया तो मामला सामने आया। मामले की रिपोर्ट निगम के अधिकारियों को दी गई है।
नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर सफाई कर्मचारियों को तैनात करने का टेंडर निजी कंपनी को मिला हुआ है। कंपनी द्वारा एक हजार से अधिक सफाई कर्मचारी विभिन्न वार्डों में तैनात किए गए हैं। बताया गया कि वार्ड 32 में चार सफाई कर्मचारियों की बिना किसी मंजूरी के तैनाती कर दी गई। जब सफाई निरीक्षक ने वार्ड का निरीक्षण किया तो नए कर्मचारी देखकर उन्होंने पूछताछ की। चारों कर्मचारियों ने उन्हें स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी का नाम बताया। कहा कि उन्हीं की मंजूरी से पिछले दो सप्ताह से काम कर रहे हैं। जब निरीक्षक ने हवलदार से पूछताछ की तो उसने भी कहा कि उसके पास भी इन सफाई कर्मचारियों से सेवाएं लेने के लिए एक अधिकारी का फोन आया था। इसके बाद निरीक्षक ने पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को दे दी है। इस मामले में नगर आयुक्त सत्य प्रकाश का कहना है कि अभी उन्हें ऐसी कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।