सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में तानवी ने प्रदेश में किया पहला स्थान हासिल।
सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा में तानवी ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया
झांसी। प्रेमनगर क्षेत्र के गुरुद्वारा मुहल्ला निवासी कक्षा छह की छात्रा तानवी अग्रवाल ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के बालिका वर्ग में प्रदेश में पहला व देश में चौथा स्थान हासिल किया है। वह आर्मी अफसर बन देश की रक्षा करना चाहती हैं।
27 फरवरी को आयोजित ऑल इंडिया परीक्षा का केंद्र कैंट स्थित आर्मी स्कूल में बनाया गया था। परीक्षा में गणित, भाषा, रीजनिंग व सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को दिया गया था। परीक्षा का पूर्णांक तीन सौ नंबरों का था जिसमें तानवी ने 248 नंबर प्राप्त किए हैं। तानवी ने बताया कि सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए जी जान से मेहनत की है। वह परीक्षा में खास स्थान पाने के लिए सात से आठ घंटे नियमित तैयारी करती थीं। इसके अलावा रात को भी दो से तीन घंटे पढ़ाई की थी। परीक्षा में स्थान हासिल करने में माता व पिता का अहम योगदान रहा है। पिता कंप्यूटर सेंटर संचालक व मां स्कूल टीचर होने के नाते काफी मदद मिली है। सैनिक स्कूल परीक्षा में विशेष स्थान हासिल करने पर दिन भर बधाइयों का सिलसिला जारी रहा।