झांसी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी ने अपनी बूथ कमेटियों को सक्रिय कर दिया है। प्रत्येक कमेटी में पार्टी के इक्कीस लोगों को शामिल किया गया है, जिसमें ग्यारह युवा होंगे। कमेटियों पर मतदान वाले दिन वोट निकालने से लेकर डलवाने तक की जिम्मेदारी होगी।
समाजवादी पार्टी ‘युवा जोश - युवा सोच’ के नारे के साथ में चुनावी मैदान में है। नारे के अनुरूप पार्टी ने विधानसभा चुनाव की कमान युवाओं के हाथों में सौंप दी है। घर - घर दस्तक देने तथा मतदान वाले दिन घरों से वोट निकालकर पोलिंग बूथ तक लाने के लिए पार्टी ने बूथ कमेटियां गठित की हैं। प्रत्येक कमेटी में इक्कीस सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें से एक बूथ प्रभारी है व बीस सदस्य है। प्रभारी समेत दस सदस्य युवजन सभा से लिए गए हैं, जबकि शेष दस सदस्य मेन पार्टी से से रखे गए हैं।
सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव ने बताया कि बूथ कमेटियां फर्जी वोटरों पर भी नजर रखे हुए हैं। उन्हें मतदाता सूचियों की जांच की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसमें गड़बड़ी सामने आने पर बूथ कमेटी के सदस्य आपत्ति दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ कमेेटियों का विशेष महत्व है। पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने में इनकी विशेष भूमिका रही है।