थाना नवाबाद में समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त और आईजी।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर अवैध कब्जों की शिकायतों की भरमार रही। इन्हें लेकर अफसरों ने नाराजगी जाहिर करते हुए मातहतों को शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा और आईजी एसएस बघेल ने थाना नवाबाद में पहुंचकर समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने फ रियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि उपस्थिति रजिस्टर अवलोकन कर अधिकारी और कर्मचारी का नाम और पदनाम अंकित किया जाए। आगंतुकों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था कराने के संबंध में उपाध्यक्ष जेडीए को पत्र लिखने के लिए कहा। वहीं सीपरी थाने में डीएम आंद्रा वामसी ने भूमि संबंधित शिकायतों को सुनते हुए निर्देश दिए कि राजस्व व पुलिस टीम मौके पर जाकर शिकायत का परीक्षण करते हुए निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि यदि जबरन कब्जा किया जाता है तो ऐसे व्यक्ति के खिलाफ भू माफि या के तहत कार्रवाई हो।
समाधान दिवस पर सीपरी बाजार थाने में श्याम लाल कुशवाहा ने ग्वालियर रोड भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार व एसएचओ को मौके पर जाकर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने कहा कि अवैध पटाखा फैक्ट्री पर भी सतत नजर बनाए रखें। इस मौके पर एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, एसएचओ देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, निरीक्षक द्वितीय दिनेश कुमार पांडे, उप निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह, परमेंद्र कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अजीत शर्मा, राजस्व निरीक्षक बुद्ध सिंह, लेखपाल अमरदास, रिषभ उपाध्याय, मनोज अग्रवाल मौजूद रहे।