झांसी। झांसी के प्रथम सांसद एवं श्री सिद्धेश्वर मंदिर के संस्थापक रघुनाथ विनायक धुलेकर की जयंती बृहस्पतिवार को मनाई गई। इस मौके पर लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी धुलेकरजी के त्यागमय जीवन से प्रेरणा ले।
श्री सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में स्थापित धुलेकरजी की प्रतिमा पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, धर्माचार्य हरिओम पाठक, राजीव पाठक, अमित रावत, बृजकिशोर माहेश्वरी, सुदर्शन शिवहरे, पवन शास्त्री ने पुष्प अर्पित किये। इस मौके पर वक्ताओं ने मांग की कि आयुर्वेद विश्वविद्यालय की झांसी में पुन: स्थापना हो। जिसे धुलेकर जी ने स्थापित किया था।
इधर राष्ट्र सेवा मंडल द्वारा धुलेकर वाचनालय मानिक चौक में आयोजित संगोष्ठी में प्रथम सांसद के जीवन पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला। इस मौके पर मोहन नेपाली, नीरज धुलेकर, शेखर धुलेकर, राहुल रिछारिया, डॉ. नीति शास्त्री, अमीर चंद्र, संजीव चौरसिया, युथुप जैन, गिरजाशंकर राय, आदित्य नारायण दुबे ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
स्वरोजगार संगम में मिला योजनाओं का लाभ
झांसी। एनआईसी में हुए ऑनलाइन स्वरोजगार संगम में लाभार्थियों को ऋण, टूलकिट वितरण के साथ लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत शुभम कुमार को चार लाख का ऋण, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में गायत्री को ब्यूटी पार्लर के लिए पांच लाख रुपये का ऋण दिया गया। इसके अलावा अन्य युवाओं को भी ऋण दिए गए। एक जनपद एक उत्पाद टूलकिट प्रशिक्षण योजना में श्वेता और अन्य को ऋण स्वीकृति पत्र, टूलकिट मुख्य विकास अधिकारी शैलेश कुमार और बैंक के अधिकारियों ने प्रदान किए। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।