अमर उजाला के नारी गरिमा के साझा संकल्प ‘अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड प्राइवेट टीचर्स एसोसिएशन के सहयोग से शहर में ‘गौरव यात्रा’ निकाली गई, जिसके जरिये भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर दहशतगर्दों के खिलाफ की गई कार्रवाई को सराहा गया। इस दौरान सभी ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर सेना के साहस को सलाम करते हुए आतिशबाजी की।
सीपरी बाजार से शुरू हुई यात्रा में बुंदेलखंड प्राइवेट टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी हाथों में तिरंगा लिए ‘जय हिंद-जय भारत’, ‘जय श्री राम’, ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारतीय सेना जिंदाबाद’ के नारों के जयघोष के साथ बीकेडी, जीवनशाह होते हुए इलाइट चौराहे पर पहुंचे और आतिशबाजी की। इसके बाद गौरव यात्रा में शामिल सभी लोगों ने नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।
देश के जवानों को सलाम
पुलवामा में शहीद हुए जवानों का बदला हमारी भारतीय सेना ने लिया है। उनके इस पराक्रम को हम सभी टीचर्स ही नहीं बल्कि हर भारतवासी सलाम करता है। - रीतेश साहू
पाकिस्तान को दिया मुंहतोड़ जवाब
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का करारा जवाब दिया है। अगर दोबारा पाकिस्तान कोई हरकत करता है तो हमारी सेना मुंहतोड़ जवाब देगी। - रितिक सोनी
आतंकवाद का जड़ से खात्मा हो
आतंकवाद को मिटाने के लिए जिस प्रकार से भारतीय सेना के जवानों ने कार्रवाई की है, वह जारी रहनी चाहिए। तब तक जब तक आतंकवाद मिट न जाए। - आनंद आर्य
बुलंद है हर भारतीय का हौसला
भारतीय सेना की तरह हर भारतीय का हौसला बुलंद है। भारत का एक-एक युवा वक्त पड़ने पर आगे आकर देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान तक दे सकता है। - अनिल साहू