झांसी। गलवां घाटी में शहीद हुए वीर जवानों के सम्मान में वन विभाग स्मृति वन बनवाने जा रहा है। इसके लिए रविवार को पौधरोपण कर पंचवटी वाटिका की स्थापना कर शहीद सैनिकों को याद किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं रविवार को पूरे जिले में 50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
जिले में रविवार को वन महोत्सव सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए कई दिनों से चल रही तैयारियों के बाद रविवार को पूरे जिले की सभी ग्राम पंचायतों और निकायों में पौधरोपण किया जाएगा। वहीं बुंदेलखंड विवि के करगुवांजी मार्ग स्थित कृषि फार्म में पौधरोपण कर शहीद सैनिकों की याद में स्मृति वन बनेगा। इसमें अशोक, पीपल, बरगद, आंवला और बेल के पौध लगाकर पंचवटी वाटिका बनाई जाएगी।
उधर, नगर निगम की ओर से महानगर में 28 जगहों पर 75 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। रविवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि पौधरोपण करेंगे। प्रभागीय वनाधिकारी वीके मिश्र ने बताया कि रविवार को सुबह छह से शाम छह बजे तक एक साथ 50.09 लाख पौधे लगाए जाएंगे। शीशम, सागौन, आम, नीम, महुआ, बरगद, पीपल, पाकड़, अर्जुन, कंजी, चिरौल, अमरूद, नींबू, आंवला, सहजन, बेल, जामुन के पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण की प्रति घंटे की सूचना संकलन के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।