झांसी। फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) में जटिल व ऑपरेशन से प्रसव कराने के लिए ‘सेफ बर्थ रिस्पांस टीम’ (एसबीआरटी) का गठन कर दिया गया है। यह टीम बुधवार और शनिवार को एफआरयू पर जाकर गर्भवती महिलाओं की पहचान और जरूरत पर उन्हें रेफर करेगी।
गौरतलब है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से एफआरयू को क्रियाशील नहीं किया जा पा रहा है। इसके मद्देनजर शासन ने प्रदेश के मंडलीय अपर निदेशक, सीएमओ को मंडल के एफआरयू की सूची तैयार कर सभी इकाइयों पर स्त्री रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, निश्चेतक, बाल रोग विशेषज्ञ तथा महिला चिकित्साधिकारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। जहां पूर्ण कालिक विशेषज्ञ नहीं हैं, वहां संविदा विशेषज्ञों, प्राइवेट विशेषज्ञों को शामिल करने को कहा।
इसी प्रकार सभी एफआरयू के लिए एचआरपी क्लीनिक संचालित करने और जटिल, ऑपरेशन द्वारा प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने को चिकित्सकों, महिला चिकित्साधिकारियों का उपयोग कर सेफ बर्थ रिस्पांस टीम गठित करने को कहा।
इसी क्रम में झांसी में एफआरयू का दर्जा प्राप्त मऊरानीपुर और बबीना सीएचसी के लिए एसबीआरटी टीम का गठन कर दिया गया है। टीम में बाल रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट व स्त्री रोग विशेषज्ञ को शामिल किया गया है। सुरक्षित प्रसव को गठित यह टीम अब बुधवार और शनिवार को एफआरयू सीएचसी पर जाकर सिजेरियन डिलेवरी कराएगी। वहीं, हाई रिस्क प्रेगनेंसी महिलाओं की जांच कर सलाह देगी।