सड़क हादसे में दो परिवारों के बुझ गए दीये
झांसी। रविवार रात झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर ट्रक और कार के बीच हुए सड़क हादसे में दो भाइयों के तीन बच्चों की जान चली गई। हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भीड़ लगी रही। तीनों भाई- बहन बबीना स्थित अपनी बुआ के घर करवाचौथ का सामान देने के लिए निकले थे।
राजगढ़ के शिवालय नगर निवासी राजू यादव व चिमन यादव दोनों र्भाई हैं। रविवार की रात राजू का पुत्र आदर्श यादव (7) और चिमन का पुत्र अमन यादव (19), वैष्णवी (12) औैर शिवाजी नगर निवासी अपने साथी नीलेश परिहार के साथ कार में सवार होकर बबीना जाने को निकले। अमन गाड़ी चला रहा था। चारों बबीना इलाके में रहने वाली अपनी बुआ के यहां करवाचौथ का सामान देने जा रहे थे। अभी कार सवार झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर वनगांय गांव के पास पहुंचे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक का अचानक टायर फट जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्रक ने सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट कर कई फुट दूर जा गिरी। हादसे में कार में सवार अमन व वैष्णवी की मौत हो गई थी, जबकि आदर्श व नीलेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की सूचना पाकर मौके पहुंचे लोगों ने पुलिस के सहयोग से सभी को बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन व वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया था, जबकि आदर्श व नीलेश की हालत गंभीर देखते हुए भर्ती कर लिया था। सोमवार सुबह उपचार के दौरान आदर्र्श की भी मौत हो गई। पुलिस ने उसके भी शव को कब्जे में लिया। जबकि, घायल नीलेश का उपचार चल रहा है। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से घर में कोहराम मचा हुआ है। रिश्तेदारों ने बताया कि मृतक आदर्श सेंट मार्क्स स्कूल में कक्षा चार का छात्र था, जबकि अमन आईटीआई कर रहा था। वहीं, वैष्णवी भी कक्षा छह में पढ़ रही थी।