- मानसूनी सीजन में एप्लीकेशन डाउनलोड करने की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जनपद में हो रही भारी बारिश के बीच गृह मंत्रालय, जलशक्ति मंत्रालय और मौसम विभाग ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को सचेत ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी है। ताकि, प्रभावित क्षेत्रों में बिजली गिरने से होने वाली जनहानि और आर्थिक क्षति की आशंका कम की जा सके।
डीएम गौरांग राठी ने कलक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान जनपद के सभी अधिकारियों को बताया कि सचेत ऐप मौसम विभाग की ओर से तैयार की गई एप्लीकेशन है। इसे प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह बिजली गिरने से लोगों को सावधान करने के लिए पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन भारतीय ऊष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे द्वारा विकसित किया है। डीएम ने ऐसे गांव जो नदी किनारे और पानी के तेज बहाव की स्थिति में प्रभावित होने वाले हैं, वहां के ग्राम प्रधान, ग्राम निगरानी समिति, लेखपाल, सचिव समेत अन्य सभी को सतर्क रहने की सलाह दी। कहा कि तूफान के दौरान टेलीफोन का प्रयोग न करें। बिजली बाहर के टेलीफोन लाइनों से टकरा सकती है। इसके अलावा हेयर ड्रायर, इलेक्ट्रिक टूथब्रश, इलेक्ट्रिक रेजर, प्लग इन बिजली के उपकरणों का प्रयोग न करें।