झांसी। झांसी - ग्वालियर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार सुबह एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सिर में इंजन टकरा जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर ग्वालियर रोड चौकी पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना कोतवाली के अलीगोल खिड़की निवासी मोहम्मद इकबाल (50) का बुधवार सुबह घर में विवाद हो गया। इसके बाद वह पैदल झांसी - ग्वालियर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे लाइन के पास बैठकर ट्रेन का इंतजार करने लगे। सुबह करीब 11 बजे ट्रेन आने से पहले रेलवे क्रॉसिंग बंद हो गई। कुछ ही देर में ट्रेन आते ही पटरी के पास बैठे इकबाल ने तेजी से दौड़ लगाकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इंजन सिर में लगते ही वह दूर जा फिका। सूचना मिलते ही ग्वालियर रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।