संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिले में 12 दिनों से ठप फिटनेस जांच बुधवार से बहाल हो गई है। परिवहन मंत्रालय ने एटीएस से हटाकर यह व्यवस्था फिर से विभाग के सुपुर्द कर जांच शुरू कराई है। बुधवार को कार्यालय में पहले दिन 41 वाहनों की जांच की गई।
वाहनों की जांच से यहां चहलकदमी बनी रही। फिलहाल वाहनों की जांच फिर से शुरू होने से वाहन स्वामियों ने राहत महसूस की है।अवैध वसूली के आरोप में 2 मई को परिवहन अधिकारियों ने जांच कर एटीएस (ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन) संचालकों पर मुकदमा करते हुए आठ लोगों को जेल भेज दिया था। इसके बाद से सेंटर पर ताला बंद था। यहां फिटनेस जांच पूरी तरह से ठप हो गई। ऐसे में वाहन स्वामी परेशान थे। स्थानीय परिवहन अधिकारियों ने वाहन स्वामियों की समस्या को देखते हुए शासन को पत्र लिखकर यथास्थिति से अवगत कराया। उन्होंने एटीएस के बजाय आईएंडसी के रूप में फिटनेस जारी करने के संबंध में अनुमति मांगी थी। इस पर परिवहन मंत्रालय ने अनुमति दे दी। बुधवार को एआरटीओ कार्यालय में फिटनेस जांच शुरू की गई। बताया गया कि यह फिटनेस जांच अब यहीं की जाएगी।