संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए तीसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्रता रखने वाले बच्चे विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद आवेदनों का सत्यापन कराकर लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाएगा।
यहां 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय हैं। करीब 170 निजी विद्यालय हैं। आरटीई के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के बच्चों की निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूर्ण की जा रही है। प्रथम चरण की प्रक्रिया में 452 बच्चों को लाभान्वित किया गया था। दूसरे चरण में करीब 353 बच्चों को चयनित किया गया था। अब तीसरे चरण के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। आठ मई तक आवेदन लिए जाएंगे। कागजातों के सत्यापन के बाद लॉटरी में नाम आने पर बच्चों का नामांकन कराया जाएगा। इसके बाद चौथा चरण एक जून से शुरू होगा, जिसमें 20 जून तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी हरिकेश यादव ने बताया कि तीसरे चरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।