झांसी। जनपद के किसानों को फसल क्षति का 36 करोड़ रुपये मुआवजा जिला प्रशासन की ओर से बांटा जा चुका है। हालांकि, अभी भी लगभग पांच हजार किसानों को मुआवजा राशि मिलनी है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से बजट की मांग की जाएगी।
मानसूनी सीजन के अंतिम दौर में हुई लगातार बारिश से खरीफ की फसल को काफी नुकसान पहुंचा। उड़द, मूंग और सोयाबीन समेत कई फसलें प्रभावित होने से किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित फसलों का सर्वे भी शुरू किया गया। बाद में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मूंगफली की फसल को भी नुकसान पहुंचा। ऐसे में मूंगफली को हुए नुकसान का भी तहसीलवार आकलन शुरू हुआ। फिर सभी फसलों के नुकसान का वास्तविक आकलन कर फाइनल रिपोर्ट तैयार की गई। इसके बाद शासन की ओर से जिला प्रशासन को फसल क्षति का मुआवजा देने के लिए 33 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए। इससे पहले जिला प्रशासन के खाते में करीब तीन करोड़ रुपये थे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने बताया कि अब तक करीब 62 हजार किसानों को फसल क्षति का 36 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। जनपद में लगभग 74,460 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसल प्रभावित हुई है।
इनसेट
गलत खाता नंबर से ढाई हजार किसानों की फंसी रकम
जिले में करीब ढाई हजार किसानों की मुआवजा राशि फंस गई है। मिली जानकारी के अनुसार इन किसानों का बैंक खाता नंबर अथवा आईएफएससी कोड गलत मिला है। जैसे-जैसे तहसीलवार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वैसे-वैसे उनका निस्तारण करवाया भुगतान करवाया जा रहा है।