झांसी। कोतवाली क्षेत्र में डीएवी स्कूल के पास संचालित पैथोलॉजी लैब की दराज से करीब 1.70 लाख रुपये चोरी हो गए। लैब संचालिका ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो सफाई कर्मचारी दराज को कैंची से टेढ़ा करके उसमें रखे रुपये निकालता दिखाई दिया।
संचालिका की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटे बाद ही आरोपी केतन सेन को गिरफ्तार कर लिया हालांकि पुलिस उसके पास से महज 50 हजार रुपये ही बरामद कर सकी। 12 घंटे में आरोपी ने 1.20 लाख रुपये कहां खर्च कर दिए, इसका पुलिस पता नहीं लगा सकी।
बंसल कॉलोनी निवासी अलका कंचन पत्नी राजेश कंचन ने पुलिस को बताया कि उनकी सेंट्रल माइक्रो बायोलॉजी लैब डीएवी स्कूल के पास पठौरिया में है। लैब में सफाई के लिए सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज निवासी केतन सेन करीब तीन महीने से काम कर रहा था। अलका के मुताबिक, दीपावली से करीब 10 दिन पहले मरीजों की जांच से मिले लगभग 1.70 लाख रुपये टेबल की दराज में रखे थे। दीपावली के समय जब उन्होंने स्टाफ और बाजार का भुगतान करने के लिए दराज खोली तो उसमें रुपये नहीं मिले। इसके बाद लैब में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। आरोप है कि 10 और 16 नवंबर की फुटेज में केतन सेन कैंची से दराज को टेढ़ा करके उसमें से रुपये निकालता दिखाई दिया। कोतवाली प्रभारी अंजन सिंह ने बातया कि आरोपी केतन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं।