नशे में मिला रोडवेज परिचालक, बर्खास्त
झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने नशेड़ी चालकों, परिचालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यात्रियों की शिकायत पर नशे में धुत संविदा परिचालक अमित को बर्खास्त कर दिया गया। साथ ही सघन जांच करने के लिए रोडवेज अब पांच ब्रीथ एनालाइजर मशीनें खरीदने जा रहा है। ये मशीनें एआरएम, डिपो और चेकिंग स्क्वाएड को दी जाएंगी।
शराब पीकर बस चलाने की प्रवृत्ति पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए रोडवेज का इंटर सेप्टर वाहन है। इसमें स्टॉफ ब्रीथ एनालाइजर मशीन साथ लेकर चलता है। यात्रियों की शिकायत अथवा चेकिंग में चालक एवं परिचालक के शराब पीने की जांच मौके पर करते हैं। कानपुर मार्ग पर लगभग दस दिन पूर्व यात्रियों की शिकायत पर इंटर सेप्टर वाहन के सदस्यों ने कानपुर जा रही बस को चेक किया। इसमें परिचालक अमित नशे में मिले। क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय के अनुसार जांच में वह दोषी पाए गए और अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव मिला। उनके अनुसार परिचालक को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं।