अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महानगर में जाम की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम सड़कों को चौड़ा कराएगा। जहां जरूरत पड़ेगी, वहां फुटपाथ छोटा किया जाएगा। बृहस्पतिवार को मेयर बिहारी लाल आर्य ने निरीक्षण करके अफसरों को दिशा-निर्देश दिए।
लगातार वाहनों की बढ़ती संख्या और अतिक्रमण के चलते महानगर के प्रमुख चौराहों पर अक्सर जाम लगने से वाहन रेंगते नजर आते हैं। इस कारण इलाइट और इलाहाबाद बैंक चौराहे पर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को पांच दिनों में ही ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था बंद करनी पड़ी थी। जाम से छुटकारा दिलाने के लिए मेयर, नगर निगम और प्रशासन के अफसर बृहस्पतिवार को सड़क पर उतरे।
मेयर ने जेल चौराहा, कचहरी चौराहा और अग्रसेन चौक का निरीक्षण कर आसपास के मार्गों को देखा। मेयर ने कहा कि पुलिस लाइन से जेल मार्ग, जेल चौराहे से झोकनबाग मार्ग, कचहरी चौराहे से सदर बाजार मार्ग, अग्रसेन चौक से मंडी मार्ग को दो से तीन मीटर चौड़ा किया जाएगा। मोड़ पर ही कुछ जगहों पर रेलिंग लगी हुई है, उन्हें हटवाया जाएगा क्योंकि रेलिंग की वजह से वाहनों के मुड़ने में दिक्कत होती है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त मो. कमर, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।