अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीएम ग्रिड योजना के जरिए महानगर की सड़कों को सुधारा जाएगा। इसके लिए शासन ने पहली किस्त के तौर पर सात करोड़ रुपये दिए हैं। बारिश खत्म होने के बाद इस निधि के जरिये काम आरंभ कराया जाएगा।
शहरी क्षेत्र में अच्छी सड़कों का जाल बिछाने के लिए सरकार ने खास तौर से मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट योजना (सीएम ग्रिड) आरंभ की। नगर निगम अफसरों के मुताबिक इसके जरिये सड़कों का निर्माण कराने के साथ ही वहां सौर आधारित स्ट्रीट लाइट, बस स्टॉप, ईवी चार्जिंग प्वांइट, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ समेत ग्रीनरी आदि का निर्माण कराया जाएगा। महानगर में इसके लिए तीन सड़कों को चुना गया है। सरकार ने पहली किस्त जारी कर दी है। काम आरंभ होने के बाद बाकी पैसा भी नगर निगम को मिलेगा। निगम प्रशासन की ओर से निविदा प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। अपर नगर आयुक्त मो. कमर के मुताबिक बारिश के बाद सड़कों का निर्माण आरंभ कराया जाएगा। महानगर में सड़कों के निर्माण के लिए नगर निगम निधि समेत 15वें वित्त आयोग एवं भारत सरकार के नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एन-केप) योजना के तहत भी पैसा खर्च किया जा रहा है।