आदेश हवा में, सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे
झांसी। बारिश से पहले महानगर की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का आदेश जारी किया गया था लेकिन हुआ कुछ नहीं। महानगर की तमाम सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भर गया है। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी इसका अंदाजा नहीं लग रहा है। इसकी वजह से वे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यहां तक बड़े वाहनों के वहां से गुजरने पर गड्ढों का गंदा पानी राहगीरों के कपड़ों पर पड़ रहा है। इन गड्ढों की वजह से राहगीरों की राह भी कठिन हो गई है। स्कूल खुलने पर बच्चों के भी गिरने का अंदेशा बना रहता है। कैंट क्षेत्र के सदर बाजार के हाल भी जुदा नहीं हैं।
महानगर के फिल्टर रोड से दतिया गेट तक, सदर बाजार पेट्रोल पंप से सदर तिराहा तक, सदर बाजार तिराहा, चित्रा चौराहे से स्टेशन रोड, रेलवे स्टेशन दांडी यात्रा तिराहा तक, जीवन शाह तिराहे से तहसील तक, तहसील से पंचकुइयां रोड तक, नरिया बाजार से गंदीगर का टपरा तक, मालिनों के तिराहे से बड़ा बाजार तिराहा तक, चित्रा चौराहे से सीपरी बाजार तक काफी बडे़-बड़े गड्ढे होने के कारण बारिश का पानी भरा है।
हालात ये हैं कि बारिश में गड्ढों में पानी भरा होने के कारण राहगीर व वाहन सवार दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी का सामना बच्चों व बुजुर्गों को करना पड़ रहा है। मुख्य सड़कों के अलावा शहर की अधिकांश गड्ढा युक्त सड़कों से लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। सीपरी में नगरा जाने वाले टेंपो स्टैंड के पास खराब सड़क है। उस पर भी बड़े-बड़े गड्ढे हैं। उसमें पानी भरा होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
सड़कों पर जहां-जहां गड्ढे हो गए हैं उनको भरने का काम किया जा रहा है। जल्द ही शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा।
मनोज कुमार, नगर आयुक्त
सदर बाजार में जगह-जगह गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। कैंट बोर्ड को जल्द ही इसको ठीक कराना चाहिए जिससे लोगों को दिक्कत नहीं हो।
मुकेश जैन, सभासद कैंट
बारिश के शुरू होते ही शहरभर में बड़े-बडे़ गड्ढे हो गए हैं। सबसे अधिक परेशानी नरिया बाजार, सदर बाजार व ग्वालियर रोड पर होती है।
सागर सोनी, सराफा व्यापारी
बारिश शुरू हो गई है। शहर भर की सड़कों पर गड्ढे हैं। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
बाबूलाल बमौरया, सेवानिवृत्त कर्मचारी
शहर की कई सड़कें जर्जर हालत में हो गई हैं, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश होने से स्थिति और बिगड़ गई है। लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
शंकर पटैरिया, व्यापारी