झांसी। मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री ने मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान ललितपुर की एक सड़क का निर्माण न होने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर को फटकार लगाते हुए कहा कि जेल भेज दूंगा। उन्होंने अफसरों को काम न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कमिश्नरी में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री के सामने आया कि ललितपुर की एक सड़क का ठेका दिया जा चुका है। वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुका है। बावजूद, ठेकेदार काम शुरू नहीं कर रहा है। रिवाइज एस्टिमेट तैयार कराया जा रहा है। सड़क का निर्माण न होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए चीफ इंजीनियर को आड़े हाथों ले लिया। उन्होंने कहा कि ललितपुर डीएम से कहा कि पंद्रह दिनों के भीतर हर हाल में काम शुरू करा दिया जाए। इसकी रिपोर्ट दी जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ठेकेदार कम रेट पर वर्क ऑर्डर ले लेते हैं, लेकिन काम शुरू नहीं करते। बाद में एस्टिमेट रिवाइज कराते हैं। ऐसे ठेकेदारों को काली सूची में डालकर एफआईआर दर्ज कराई जाए। निर्माण कार्यों में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाए।