संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उनाव बालाजी मार्ग स्थित अयाेध्यापुरी कॉलोनी में सड़क और नाली न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली का पानी सड़क और प्लाटों में भरने से संक्रमण फैलाने का खतरा बना हुआ है।
अयोध्यापुरी कॉलोनी के बी ब्लॉक की गली नंबर चार की सड़क बनी नहीं है और पक्की नाली का निर्माण नहीं किया गया। उबड़-खाबड़ सड़क से निकलने से कॉलोनी के लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क के गड्ढों में गाड़ियों के फिसलने से लोग चोटिल हो जाते हैं। पक्की नाली न होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क और खाली प्लाटों में भर जाता है। प्लाटों में गंदा पानी भरा होने से बदबू आती है। साथ ही मच्छर पनपते हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर जलभराव होने से निकलना दूभर हो जाता है।
फोटो
बोले कॉलोनीवासी...
कॉलोनी में आसपास के सड़कें और नालियां पक्की बनी हैं लेकिन बी ब्लॉक की गली नंबर चार बदहाल है। इससे निकलने में काफी परेशानी होती है। - अरुण कुमार सिंह, स्थानीय निवासी
पक्की नाली न होने से घरों का गंदा पानी सड़क और खाली पड़े प्लाट में भरता है। इससे गंदगी और बदबू से संक्रामक रोग फैलने का खतरा है। - सुरेश चंद सोनी, स्थानीय निवासी
बारिश में कच्ची सड़क में पानी भरने से निकलना मुश्किल हो जाता है। गाड़ियां फिसलने से रास्ते से निकलने वाले लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। - केके तिवारी, स्थानीय निवासी