संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ब्लॉक बार के ग्राम कैलगुवां-हसार मार्ग में बिजराव पुल की सड़क बारिश में कटकर बह गई थी। ऐसे में पुल से आवागमन पूरी तरह से ठप है। राहगीर व वाहनों को नाले से होकर निकलना पड़ता है। इससे रोजाना 10 हजार लोग परेशान हो रहे हैं। हैरानी की बात है कि आठ माह के बाद भी अब तक जिम्मेदारों ने क्षतिग्रस्त सड़क की सुध नहीं ली है।
जनपद में कैलगुवां-हसार मार्ग प्रमुख मार्गों में एक हैं। इस मार्ग से ब्लॉक तालबेहट और बार के लगभग डेढ़ दर्जन गांवों के लोग आवागमन करते हैं। इसके अलावा मध्यप्रदेश के जिला टीकमगढ़ क्षेत्र के लिए भी लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों से तकरीबन 10 हजार लोग आवागमन करते हैं।
इस मार्ग पर बिजराव के पुल की सड़क जुलाई माह में हुई बारिश में अधिक पानी आने से बह गई थी। इससे सड़क का पुल से संपर्क टूट गया था। कुछ माह तक मार्ग से आवागमन पूरी तरह ठप रहा। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था कर नाला से नीचे ही कच्चा मार्ग बना दिया है। ऐसे में इसी कच्चे मार्ग से वाहनों की निकासी की जा रही है। रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इन गांवों के लोग परेशान
ग्राम मर्रोली, टीला, गहराव, जरावली, चंदावली, भावनी, म्याव, मोगान, मुजरा, बंगरा, तुर्का, बछरावनी व बार क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग इसी मार्ग से टीकमगढ़ के लिए जाते हैं। वहीं, टीकमगढ़ के भी आसपास के लोग इसी मार्ग से ललितपुर के लिए आते हैं।