झांसी। सड़क पर खड़ी बाइक से टकराने से घायल हुए युवक की मौत हो गई। जबकि, दुर्घटना में घायल मृतक के भांजे का इलाज जारी है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
बबीना के खजरहा बुजुर्ग निवासी राजेश राजपूत का पुत्र अजीत राजपूत (22) पिछोर के ग्राम अड़िया में रहने वाले अपने मामा मुलायम के घर गया हुआ था। 31 दिसंबर को वह बाइक से अपनी ममेरी बहन कमलेश के घर अड़जार जा रहा था। साथ में तीन साल का भांजा राज भी था।
परिजनों के अनुसार नयागांव के पास सड़क पर एक बाइक खड़ी थी, जिससे अजीत की बाइक टकरा गई। हादसे में मामा मुलायम और भांजा राज दोनों घायल हो गए थे। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार को अजीत की मौत हो गई, जबकि भांजे राज का इलाज जारी है।
मृतक के परिवार में माता-पिता के अलावा अब एक छोटी बहन जूली है। पिता राजेश खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि मां गुड्डी गृहिणी हैं। इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों का बुरा हाल है।