झांसी। रक्सा वासियों को पानी के लिए अभी एक दो दिन और इंतजार करना पड़ेगा। शुक्रवार को पाइप लाइन का एक बैंड फटने से पानी की टंकी पूरी नहीं भरी जा सकी, इस कारण शनिवार को पहले दिन पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। इस कारण लोगों को निराशा हुई।
महानगर से दस किलोमीटर दूर स्थित गांव रक्सा ड्राई (सूखा) क्षेत्र है। इस क्षेत्र का जल संकट दूर करने के लिए समूह ग्राम पेयजल योजना के तहत शनिवार से स्थानीय लोगों को पानी देने का काम शुरू होना था। शुक्रवार को सिमरधा बांध के निकट बने जल शोधन केंद्र से रक्सा में बनाई गई टंकी तक पानी दौड़ाने का काम शुरू हुआ। अभी टंकी पांच इंच ही भरी थी कि ढिमरपुरा के निकट नई पाइप लाइन का बैंड टूट गया, जिससे कीमती पानी जमीन पर बहने लगा। शनिवार को दिन भर बैंड को जोड़ने का काम चलता रहा। जल निगम अधिकारियों के अनुसार एक दो दिन में रक्सा व ग्राम सिजवाहा भी पानी पहुंचने लगेगा।
चार गांवों के लोगों को मिल रहा है लाभ
समूह ग्राम पेयजल योजना के तहत रक्सा, डेली, ढिमरपुरा, अठौंदना, पाली पहाड़ी, सिजवाहा गांवों को लाभान्वित किया जाना है। 221 लाख रुपये की इस योजना का काम पूरा हो गया है। योजना के तहत सिमरधा बांध पर जल शोधन केंद्र बनाया गया है। यहां से रक्सा में नई टंकी का निर्माण कराया गया है। दो हफ्ता पूर्व अठौंदना, पाली पहाड़ी, डेली व ढिमरपुरा गांवों में पानी पहुंचने लगा है।