झांसी। रक्सा पेयजल योजना से जुड़े रक्सा क्षेत्र में सोमवार को पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंच गया। पानी आने की शुरूआत स्थानीय राम मंदिर में लगाए गए सरकारी स्टैंड पोस्ट से हुई। इस दौरान लगाए गए शिविर में लोगों ने जल संयोजन लेने के लिए फार्म लिए।
गौरतलब है कि पिछले माह रक्सा पेयजल योजना की टेस्टिंग के उपरांत अठौंदना, पाली पहाड़ी, डेली और ढिमरपुरा गांवों को पानी मिलने लगा था। परंतु आगे की पाइप लाइन के ज्वाइंटों में लीकेज सामने आने के कारण रक्सा व ग्राम सिजवाहा पानी नहीं पहुुंच सका था। जल निगम ने सभी तकनीकी समस्याओं व पाइप लाइन की सफाई के बाद सोमवार से रक्सा क्षेत्र में पानी पहुंचाना चालू कर दिया। स्थानीय राम मंदिर परिसर में लगाए गए स्टैंड पोस्ट से अपराह्न दो बजे पानी आना शुरू हो गया। इस अवसर पर लगाए गए संयोजन शिविर में पुरानी लाइन से जुड़े 88 उपभोक्ताओं ने नई पाइप लाइन से संयोजन लेने के लिए शिफ्टिंग चार्ज जमा किया। साथ ही चालीस नए लोगों ने संयोजन लेने के लिए फार्म लिए।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, जल निगम के अधिशासी अभियंता ए पी यादव, सहायक अभियंता राम अवतार, अवर अभियंता डी एस यादव, जल संस्थान के सहायक अभियंता राधेश्याम, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ग्रामीण सुनील कुमार, उपखंड अधिकारी मुकेश कुमार के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि महानगर से 10 किलोमीटर दूर स्थित गांव रक्सा ड्राई (सूखा) क्षेत्र है। यहां करीब 20 हजार की आबादी है। जलस्तर बहुत नीचा होने के कारण क्षेत्रवासियों को साल भर जल संकट का सामना करना पड़ता था। आसपास के गांवों का भी यही हाल था। इस क्षेत्र के जल संकट को दूर करने के लिए समूह ग्राम पेयजल योजना के तहत रक्सा, डेली, ढिमरपुरा, अठौंदना, पाली पहाड़ी, सिजवाहा गांवों को लाभान्वित किया गया है। 221 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना का काम पूरा हो गया है।
योजना के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों को एक से डेढ़ घंटे प्रतिदिन पानी दिया जाएगा। स्टैंड पोस्ट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने पूजन अर्चन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, जिला पंचायत सदस्य बलवान सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष मनीराम कुशवाहा, अशोक तिवारी, अमीर चंद्र आर्य, अशोक कुमार गेड़ा, वनमाली शरण गुप्ता, हरप्रसाद वर्मा, नीलू गुप्ता, रावराजा परमार, महेंद्र प्रताप सिंह, पवन गोस्वामी, रमेश जोशी, मुकेश वर्मा, संतोष खरे, रामप्रसाद गेड़ा, बृजेश तिवारी, रवि गुप्ता, राजेश तिवारी, अनिल कुशवाहा, अनिल रिछारिया, ओमप्रकाश गेड़ा, प्रदीप खरे, चरण सिंह चौहान, अनिल खरे आदि उपस्थित थे।