झांसी। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चार चिकित्सा अधिकारियों पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति की तलवार लटकने लगी है। लंबे समय से बिना अनुमति के अनुपस्थित चल रहे एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ और मेडिकल ऑफिसर को नोटिस जारी किया गया है। उनसे तत्काल कार्यालय ज्वाइन करने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई तय है।
सीएमओ कार्यालय में तैनात दो एसीएमओ, एक डिप्टी सीएमओ और मोंठ के पुलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात मेडिकल ऑफिसर में से कोई दो तो कोई तीन महीने से बिना अनुमति के छुट्टी पर हैं। वहीं, लगातार कोई न कोई अधिकारी कोरोना की चपेट में भी आ जा रहा है। ऐसे में इनके न रहने से कोविड के दौर में विभाग के अन्य अधिकारियों पर काम का बोझ बढ़ गया है। अब इन चारों चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। चारों को नोटिस जारी करते हुए कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयसीमा में ये कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए तो अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी जाएगी। सभी चिकित्सा अधिकारी 50 साल के ऊपर हैं। ऐसे में इन्हें अकुशल मानते हुए यह कार्रवाई की जा सकती है।