झांसी। बुधवार की सुबह नवाबाद थाना इलाके में हुई एक सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुरानी तहसील के पीछे निवासी सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी सुरेंद्र कुमार कुशवाहा (61) बुधवार की सुबह घर से सब्जी लेने के लिए बाइक पर सवार होकर मंडी के लिए निकले हुए थे। इलाइट-सीपरी रोड पर स्थित एक पंप से वे गाड़ी में पेट्रोल भरवाकर मंडी की ओर जा रहे थे। इसी दरम्यान पंप के पास ही सड़क पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बीएचईएल में कार्यरत भाई जयप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि उनकी भाभी का चार साल पहले हृदयघात से निधन हो गया था। तब से वे उनके साथ ही रहते थे। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।