अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। टीकमगढ़ के बछौड़ा गांव निवासी भुवन प्रसाद (70) की मौत के बाद नर्सिंग होम में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि भुवन प्रसाद टीकमगढ़ के प्राथमिक विद्यालय से हेडमास्टर पद से रिटायर्ड थे। रविवार सुबह सीने में दर्द होने पर उनको अस्पताल लाया गया। यहां उनके हार्ट की नसों में ब्लॉकेज मिला। डाॅक्टर ने स्टेंट डालने की बात कही। स्टेंट डालने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी जान गई। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मामले की जांच कराई जा रही है।